श्रृंखला नाईक ने द्वितीय स्थान, नम्रता वर्मा ने तृतीय स्थान तथा तरणि देवदास ने दसवाँ स्थान प्राप्त किया
भिलाई, डॉ. खूबचन्द बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 (दुर्ग) के इतिहास विभाग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की प्रवीण सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया। इतिहास विभाग के तीन मेधावी छात्रों ने विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। श्रृंखला नाईक ने द्वितीय स्थान, नम्रता वर्मा ने तृतीय स्थान तथा तरणि देवदास ने दसवाँ स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है, बल्कि इतिहास विभाग के सशक्त शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण एवं लक्ष्य-प्रेरित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।

इतिहास विभाग के अतिथि व्याख्याता कमुन वर्मा ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और विषय के प्रति रुचि का परिणाम है। उन्होंने विभाग के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की भी सराहना की। अतिथि व्याख्याता डॉ. वर्षा सूर्यवंशी तथा समस्त प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी इतिहास विभाग के विद्यार्थी विश्वविद्यालय एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते रहेंगे। इस उपलब्धि से महाविद्यालय का शैक्षणिक गौरव और सुदृढ़ हुआ है और यह क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।



