घर-घर पहुंचकर खंगाले रहवासियों के रिकॉर्ड, खुर्सीपार की देवार बस्ती से दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार
दुर्ग, जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बुधवार, 28 अक्टूबर की तड़के सुबह दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर रहवासियों से पूछताछ की और उनके रिकॉर्ड की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों की पड़ताल की गई। अभियान के दौरान खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती से दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील किए गए।
तीन स्थानों पर अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत रायपुर नाका स्थित उड़िया बस्ती में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग भारती मरकाम, अटल आवास क्षेत्र में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक तथा खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती में उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने बस्तियों में घर-घर जाकर रहवासियों से पूछताछ की और उपलब्ध रिकॉर्ड का सत्यापन किया। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की तलाश
विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थ रखने या उनकी अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों, अवैध हथियारों, संदिग्ध वस्तुओं तथा पूर्व अपराधियों की जांच करना था। इसके साथ ही फरार वारंटियों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर जोर दिया गया।

करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल
अभियान में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग के विभिन्न थाना-चौकियों के प्रभारी एवं पुलिस बल शामिल रहे। इसके अलावा एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात पुलिस तथा रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कार्रवाई में भाग लिया। अभियान में करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
दुर्ग पुलिस के अनुसार, इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर अंकुश लगाना, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को देने की अपील की है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने और गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की बात कही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/special-police-checking-drive-in-durg-bhilai-early-in-the-morning-200-personnel-conducted-the-checks/









