गुरु ग्रंथ साहिब जी की प्रथम स्थापना के 421वें प्रकाश पर्व पर हाउसिंग बोर्ड गुरुद्वारे में विशेष आयोजन

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। गुरु ग्रंथ साहिब जी की प्रथम स्थापना के 421वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हाउसिंग बोर्ड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु अरजन देव जी में दिनांक 24 अगस्त 2025 को भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष आयोजन की विशेषता यह है कि गुरुद्वारे में पिछले 25 वर्षों से संचालित दरबार साहिब को संगत की सुविधा हेतु नवनिर्मित, सुसज्जित, आकर्षक एवं सर्वसुविधायुक्त रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्घाटन भी इसी अवसर पर किया जाएगा। 21 अगस्त को सुखमनी साहिब के पाठ के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की स्थापना इस नवनिर्मित दरबार साहिब में की जा चुकी है।

22 अगस्त से अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ हुआ है, जिसकी समाप्ति 24 अगस्त को होगी। पाठ की समाप्ति के पश्चात हजूरी रागी कीर्तन जत्थों द्वारा गुरुबाणी की महिमा का गायन किया जाएगा। तत्पश्चात समस्त संगत द्वारा देश एवं समाज के कल्याण हेतु गुरुबाणी के उपदेशों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया जाएगा।

समापन पर गुरु का भोग, कढ़ाह प्रसाद तथा लंगर का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ-साथ स्थानीय संगत भी तन, मन, धन से पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।

Share This Article