भिलाई। भिलाई-3 स्थित सिरसा गेट के पास बना अंडरब्रिज अब दुर्घटनाओं का नया अड्डा बनता जा रहा है। रेलवे द्वारा निर्मित यह अंडरब्रिज भले ही सुविधा के नाम पर तैयार किया गया हो, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके अविश्वसनीय निर्माण और प्रशासनिक उदासीनता की पोल खोल रही है। अंडरब्रिज के भीतर पूरी सड़क गड्ढों से भर गई है, जिससे गुजरना अब लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
26 फरवरी 2024 को लोकार्पित यह अंडरब्रिज मात्र कुछ महीनों में ही जर्जर हो गया। सबसे हैरानी की बात यह है कि 9 दिसंबर 2024 को इसे 21 दिनों के लिए बंद कर बड़े दावे के साथ सात सौ मीटर सड़क को उखाड़कर मरम्मत की गई थी। रेलवे और ठेकेदारों ने आश्वासन दिया था कि अब यह सड़क वर्षों टिकेगी। लेकिन नतीजा सामने है, सड़क फिर से खोखली और जानलेवा बन चुकी है।

यह अंडरब्रिज भिलाई-3 को पाटन विकासखंड से जोड़ता है और 25 गांवों के 40 हजार से अधिक लोग इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरते हैं। साथ ही पावर प्लांट, गिट्टी खदान और स्कूल-कॉलेज के वाहनों की आवाजाही से यहां यातायात का भारी दबाव रहता है। कार्यालयीन समय में हालात और भी खराब हो जाते हैं।

रेल प्रशासन की लापरवाही और स्थानीय प्रशासन की खामोशी ने इस समस्या को और विकराल बना दिया है। आम जनता की जान जोखिम में डालने वाले इस असफल निर्माण कार्य की न तो कोई जांच हो रही है, न ही स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास।
क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा प्रशासन ???
यह सवाल अब हर गुजरते राहगीर के मन में है..