एसआईआर , ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 22 जनवरी तक दावा-आपत्ति

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची मंगलवार को जारी कर दी गई। जारी प्रारंभिक सूची में बड़ी संख्या में नाम कटने से राजनीतिक हलकों और आम मतदाताओं की नजरें इस प्रक्रिया पर टिक गई हैं। ड्राफ्ट सूची के अनुसार विभिन्न कारणों से कुल 2 लाख 48 हजार 803 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

ड्राफ्ट मतदाता सूची कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक में सार्वजनिक की गई। सूची के अनुसार पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा (आंशिक) और बेमेतरा (आंशिक) विधानसभा क्षेत्रों में कुल 14 लाख 51 हजार 963 मतदाताओं का एसआईआर किया गया। इसमें 41 हजार 431 मतदाता दिवंगत पाए गए, जबकि 1 लाख 66 हजार 458 मतदाता स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके अलावा 9,437 मतदाता पहले से ही सूची में दर्ज पाए गए तथा 1,222 मतदाता अन्य श्रेणी में शामिल किए गए हैं।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। ड्राफ्ट सूची के अनुसार जिले में कुल 12 लाख 3 हजार 444 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 5 लाख 99 हजार 601 पुरुष, 6 लाख 3 हजार 801 महिला और 42 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

पुनरीक्षण कार्यक्रम 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर 21 फरवरी 2026 तक चलेगा। ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति की जा सकेगी। इस दौरान नाम जोड़ने, हटाने या त्रुटि सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का सत्यापन 14 फरवरी तक किया जाएगा और 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

चुनाव आयोग आगामी 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से अग्रिम आवेदन भी लेगा। सहायता के लिए मतदाता जिला कंट्रोल रूम नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, सभी ईआरओ और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article