गायक संजय को प्रतिष्ठित बंश बहादुर मल्ल संगीतश्री सम्मान

Editor
By Editor 3 Min Read

लखनऊ में 22 फरवरी को विशेष समारोह में दिया जाएगा यह सम्मान

भिलाई,  भिलाई स्टील प्लांट और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में उच्च पदस्थ रहे सेवानिवृत्त अफसर और जाने-माने गायक संजय सिंह को गायन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इस वर्ष का प्रतिष्ठित बंश बहादुर मल्ल संगीत श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा। वर्तमान में नोएडा निवासी संजय सिंह को यह सम्मान 22 फरवरी को अपरान्ह 3:30 बजे से निराला सभागार, दूसरा तल, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, हज़रतगंज, लखनऊमें प्रदान किया जाएगा। संजय सिंह ने बताया कि यह प्रतिष्ठित सम्मान संगीत (गायन) कला के विभिन्न रूपों में उपलब्धि के लिए दिया जाता है।

उल्लेखनीय है कि संजय सिंह बहुआयामी प्रतिभा के धनी भारतीय गायक, संगीतकार और रचनाकार हैं। उन्होंने सोनी, जी और दूरदर्शन जैसे प्रमुख भारतीय टेलीविजन चैनलों के लोकप्रिय रियलिटी शोज में विजयी होकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में उच्च पदों पर दायित्व निभाने के बाद उन्होंने संगीत को पूर्णकालिक रूप से अपनाया और संगीत के प्रति ही अपना जीवन समर्पित किये हुए हैं। गायक के साथ-साथ वे एक प्रतिभाशाली संगीतकार भी हैं। उनकी कई संगीत रचनाएं टी-सीरीज जैसे प्रमुख म्यूजिक लेबल्स द्वारा जारी की गई हैं।

संजय सिंह को संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ द्वारा विशिष्ट मान्यता प्रमाण पत्र और शील्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें एक विशेष म्यूज़िक वीडियो के लिए प्रदान किया गया, जो दिव्यांग बच्चों पर केंद्रित था। उन्होंने अब तक भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों में 200 से अधिक लाइव स्टेज प्रस्तुति दी हैं। संजय सिंह ने बीते साल पहलगाम में हुई नृशंस हत्याओं के तुरंत बाद एक बहुत ही मार्मिक म्यूजिक वीडियो बनाया और पड़ोसी मुल्क द्वारा प्रायोजित कुकृत्य को आम जनमानस को जागरूक किया था। संजय सिंह भारतीय संगीत की विभिन्न विधाओं में निपुण हैं। उनके संगीत वीडियो समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं, जिनमें नशीली दवाओं की लत, बाल मजदूरी, पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह, अवसाद, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, विकलांग बच्चों के मुद्दे, सड़क दुर्घटनाएं, और रैग-पिकर समुदाय के संघर्ष जैसे संवेदनशील विषय शामिल हैं। वे अब तक 100 से अधिक गीतों की रचना और गायन स्वयं कर चुके हैं, और अपने सभी कार्यों का कॉपीराइट उनके नाम पर सुरक्षित है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संगीत बैंड के साथ भी सफलतापूर्वक सहयोग किया है।

Share This Article