रायपुर, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक 16 से 20 फरवरी तक सामूहिक हड़ताल पर चले गए हैं। प्रदेशभर के करीब 182 वैज्ञानिक, जिनमें 27 कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक भी शामिल हैं, अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर विश्वविद्यालय गेट पर धरने पर बैठे हैं।
वैज्ञानिकों का आरोप है कि उन्हें पिछले डेढ़ साल से पूर्ण वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि अपने पक्ष में हाईकोर्ट का निर्णय आने के बावजूद अब तक पूरा वेतन जारी नहीं किया गया। इससे वैज्ञानिकों और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्रों की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियां प्रभावित होने की संभावना है। वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि यदि 7 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
धरने के दौरान वैज्ञानिकों ने शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है, ताकि शैक्षणिक और शोध कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।


