काव्य पाठ, सम्मान समारोह और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का होगा आयोजन
रायपुर, साहित्य सृजन संस्थान द्वारा लगातार आयोजित की जा रही 42वीं मासिक काव्य संध्या, सम्मान समारोह एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का कार्यक्रम 22 फरवरी को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक सिविल लाइन्स स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के जिलों के प्रतिष्ठित तथा युवा कवि-शायर अपनी रचनाओं का काव्य पाठ करेंगे।
मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. संजय अलंग (पूर्व आईएएस) होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राहुल शाह (हड्डी रोग विशेषज्ञ) तथा शुभांगी आपटे (ब्रांड एम्बेसेडर, नगर निगम रायपुर) उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अजीत शर्मा करेंगे।
काव्य पाठ के साथ स्वास्थ्य विषय पर विशेष जानकारी
काव्य संध्या में साहित्यिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष सत्र रखा गया है। डॉ. राहुल शाह द्वारा हड्डी रोग, ज्वाइंट रिप्लेसमेंट एवं स्पोर्ट्स इंज्यूरीज़ विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार साहित्य और स्वास्थ्य जैसे विषयों का समन्वय समाज के लिए उपयोगी पहल है।
श्रेष्ठ रचनाकारों का होगा सम्मान
विगत माह के श्रेष्ठ काव्य पाठ के लिए मनोज शुक्ला एवं शशि किरण “इंदु” को सम्मानित किया जाएगा। संस्थान प्रतिमाह युवा रचनाकारों को मंच प्रदान कर उनके उत्कृष्ट काव्य पाठ को प्रोत्साहित और सम्मानित करता है।
मार्च में होगा विराट कवि सम्मेलन
संस्था की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष ममता खरे ‘मधु’ एवं संयोजक उमेश कुमार सोनी ने जानकारी दी कि मार्च माह में एक विराट कवि सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कवियों को आमंत्रित किया गया है।
संस्थान द्वारा निरंतर आयोजित हो रहे ऐसे साहित्यिक कार्यक्रम शहर के साहित्यिक वातावरण को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


