भिलाई स्टेशन में संरक्षा संगोष्ठी आयोजित

Editor
By Editor 2 Min Read

ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर कर्मचारियों को दी गई तकनीकी व व्यवहारिक जानकारी

रायपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत भिलाई स्टेशन में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर एक दिवसीय संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा आयोजित की गई, जिसमें परिचालन, विद्युत परिचालन, विद्युत टीआरडी, यांत्रिक, सिगनल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया।

संगोष्ठी के दौरान स्पैड (SPAD) से बचाव, कैब बदलने की प्रक्रिया तथा चालक दल द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही ऑटोमेटिक सिगनलिंग फेल होने की स्थिति में दिए जाने वाले विभिन्न प्राधिकारों एवं चालक द्वारा अपनाई जाने वाली सतर्कता के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में ओएचई आइसोलेटर के सुरक्षित परिचालन, ओएचई के नीचे कार्य करते समय फील्ड कर्मचारियों द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों, बीआरएन पैनल रेल एवं बीसीएन रेक के लोडिंग–अनलोडिंग के बाद चालक दल, ट्रेन मैनेजर एवं स्टेशन कर्मचारियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला गया।

इसके अतिरिक्त कार्यस्थल की संरक्षा, कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा, ट्रैक फिटिंग्स के रखरखाव, प्राथमिक उपचार पेटी का प्रदर्शन तथा आग से बचाव और अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

इस संरक्षा संगोष्ठी में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रायपुर सुरेश चन्द्र, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार सहित संरक्षा सलाहकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रायपुर मंडल के संरक्षा संगठन द्वारा प्रत्येक माह मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर दो संरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है, जिससे कर्मचारियों में कार्य के दौरान संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

भिलाई स्टेशन में आयोजित इस संगोष्ठी में संरक्षा सलाहकारों, सुपरवाइजरों एवं फील्ड कर्मचारियों सहित कुल 62 कर्मचारियों ने सहभागिता की।

Share This Article