दुर्ग, पवित्र रमज़ान माह के दौरान शहर में आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश करते हुए मशहूर शायर नवेद रज़ा दुर्गवी के निवास, केलाबाड़ी शास्त्री चौक दुर्ग में 12 मार्च 2026 को रोज़ा इफ्तार का विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोज़ेदारों ने शामिल होकर सामूहिक रूप से रोज़ा इफ्तार किया।
इफ्तार के बाद उपस्थित लोगों ने मस्जिद में मग़रिब की नमाज़ अदा की और देश में छाए संकट के बादलों के बीच अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। इस कार्यक्रम में दुर्ग-भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक, धार्मिक और साहित्यिक जगत से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।
आयोजन में शामिल प्रमुख लोगों में हाजी रियाज़ गौहर (भिलाई), हाजी ताहिर निजाम (दुर्ग), डॉ. नौशाद सिद्दीक़ी (भिलाई-3), सुनील श्रीवास्तव, शायर आलोक नारंग तथा उर्दू-हिंदी के जानकार पत्रकार मो. जाकिर हुसैन समेत विभिन्न वर्गों के नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया और आने वाले समय के लिए नेक दुआएं कीं।
इफ्तार के पश्चात लंगर का भी विशेष इंतज़ाम किया गया, जो रात्रि लगभग 9 बजे तक चलता रहा। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर कार्यक्रम का आनंद लिया। यह आयोजन शहर में सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला साबित हुआ।




