जयपुर में ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड से सम्मानित हुईं रायपुर की कवियित्री शुभा शुक्ला निशा

Editor
By Editor 3 Min Read

अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन में देश-विदेश की 200 प्रतिभाओं को मिला सम्मान, विशेष योग्यजनों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

भिलाई,  रायपुर की समाजसेविका एवं वरिष्ठ कवियित्री श्रीमती शुभा शुक्ला ‘निशा’ को जयपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन एवं ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड-2026 समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें भव्या फाउंडेशन द्वारा रायपुर (छत्तीसगढ़) का ब्रांड एम्बेसडर घोषित करते हुए ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड से नवाजा गया।

रविवार 5 अप्रैल 2026 को भव्या फाउंडेशन के तत्वावधान में कैंसर पीड़ितों, ऑटिस्टिक एवं विशेष योग्यजन बच्चों को समर्पित यह भव्य आयोजन सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी, जगतपुरा (जयपुर) स्थित कालिंदी ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में देश-विदेश से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लगभग 200 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी एवं उद्यमी अशोक माहेश्वरी (जयपुर) तथा एडवोकेट राजीव कुमार रंजन (नई दिल्ली) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। वहीं पोस्टर विमोचन जयपुर हेरिटेज की मेयर कुसुम यादव सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऑटिस्टिक एवं विशेष योग्यजन बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। मास्टर शिवेन, भगवान दास लोधी, शिवम, अंशुल सैनी सहित निर्मल विवेक स्पेशल स्कूल के बच्चों ने समूह नृत्य, गायन एवं वादन से दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही इन बच्चों को उनके विशेष कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को ब्रांड एम्बेसडर चुना गया। डॉ. नीता शर्मा (मिसेज इंडिया 2022 फर्स्ट रनरअप), परमिला बेदी (मिस इंडिया यूनिक), माधुरी विष्णु गोवलकर, सुरभि माथुर एवं वान्या श्रीवास्तव ने मंच पर रैंप वॉक कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

इसी कड़ी में रायपुर की वरिष्ठ कवियित्री शुभा शुक्ला ‘निशा’ को छत्तीसगढ़ का ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया गया तथा मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी द्वारा उन्हें ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में रजनी श्री बेदी, प्रशंसा श्रीवास्तव, भानु भारद्वाज, मनीष माथुर, मनीष बैरवा, जयप्रकाश बुनकर, पूनम संदूजा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। चित्रा माथुर फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रव्या माथुर द्वारा गणेश वंदना एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद संस्कृति दीक्षित, अनुज माथुर, आरती वर्मा और अनाबिया खान द्वारा नृत्य, मिमिक्री, ज्ञान-विज्ञान एवं गायन की विविध प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर कई साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

समारोह का संचालन आकाशवाणी की एंकर आरजे सपना ने किया। कार्यक्रम में साहित्य, पत्रकारिता, समाजसेवा, शिक्षा, कला, कृषि, उद्यम, फिल्म एवं फैशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

अंत में भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेन्द्र माथुर एवं निदेशक डॉ. निशा माथुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी।

Share This Article