भिलाई में आवास अधिकार को लेकर उभरा जनआक्रोश

Editor
By Editor 4 Min Read

हॉस्पिटल सेक्टर के सैकड़ों परिवारों के समर्थन में विशाल रैली, कलेक्टर ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

भिलाई, मंगलवार, भिलाई हॉस्पिटल सेक्टर में निवासरत सैकड़ों परिवारों को बेदखल किए जाने की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को मेहनतकश आवास अधिकार संघ के नेतृत्व में भिलाई पावर हाउस से विशाल रैली एवं आमसभा का आयोजन किया गया। रैली में हॉस्पिटल सेक्टर के निवासियों के साथ विभिन्न गरीब बस्तियों के मजदूरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आवास अधिकार के समर्थन में आवाज बुलंद की।

प्रबंधन की कार्रवाई की निंदा
सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बेघर किया जाना उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। इससे न केवल गरीब परिवारों का जीवन संकट में पड़ेगा, बल्कि बच्चों की शिक्षा और आजीविका भी प्रभावित होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े पैमाने पर आवास उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर गरीबों की बस्तियों को उजाड़ा जा रहा है। यह स्थिति ‘आवास का अधिकार’ के नारे और जमीनी हकीकत के बीच स्पष्ट विरोधाभास को दर्शाती है।

पावर हाउस से भगत सिंह चौक तक रैली
सभा के बाद पावर हाउस चौक से भगत सिंह चौक तक रैली निकाली गई। सैकड़ों लोगों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर आवास अधिकार के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में उत्साहपूर्ण लेकिन शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

कलेक्टर ने दिया आश्वासन
सोमवार को जिला कलेक्टर ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर हॉस्पिटल सेक्टर निवासियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने की भी बात कही। संगठन ने प्रशासन के इस आश्वासन का स्वागत किया, लेकिन स्पष्ट किया कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रमुख मांगें

* हॉस्पिटल सेक्टर के परिवारों को अवैध घोषित कर बेघर न किया जाए तथा वर्तमान स्थान पर ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए।
* भिलाई इस्पात संयंत्र एवं राज्य सरकार द्वारा बस्ती उजाड़ने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए।
* प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिया जाए।
* भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा नगर निगम भिलाई को 10 एकड़ भूमि आवंटित की जाए, ताकि समुचित व्यवस्थापन किया जा सके।
* अनुसुइया नगर सहित छत्तीसगढ़ की सभी गरीब बस्तियों को स्थायी पट्टा प्रदान किया जाए।

विभिन्न संगठनों की भागीदारी
प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति, महिला मुक्ति मोर्चा, मेहनतकश आवास अधिकार संघ, रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों मजदूरों ने भाग लिया।

रैली में रमाकांत बंजारे, महेश साहु, नारायण राव, कल्याण पटेल, लक्ष्मण बसंती, सारदा, नीरा, संजना, अरूणा, भावना, शांति, बेबी खातून, संदीप, मन्नु ठाकुर, ब्रम्हा, मोहन, मैरी, रतम्मा, नकुल साहू, प्रेम किशन, सुरेंद्र मोहंती, कलादास डेहरिया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

संगठन ने जिला प्रशासन से अपील की है कि दिए गए आश्वासनों पर शीघ्र अमल किया जाए, अन्यथा प्रदेशव्यापी आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा।

वीडियो
Share This Article