30-40 फीट सड़क प्रस्ताव पर हंगामा, यातायात प्रभावित
भिलाई, भिलाई में प्रस्तावित केनाल रोड परियोजना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। सड़क की चौड़ाई 15 फीट से बढ़ाकर 30 से 40 फीट किए जाने के प्रस्ताव ने स्थानीय निवासियों में आक्रोश पैदा कर दिया है। वर्षों से केनाल किनारे बसे परिवारों को अब अपने घर उजड़ने का डर सता रहा है। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने परदेसी चौक के पास सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

दरअसल, पावर हाउस शीतला काम्प्लेक्स से अवंती बाई चौक तक केनाल रोड निर्माण के दूसरे चरण का काम जल्द शुरू किया जाना है। हाल ही में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर सड़क की एलाइनमेंट और चौड़ाई का जायजा लिया था। अधिकारियों के अनुसार सड़क की मार्किंग और सीमांकन का कार्य पूरा हो चुका है तथा मार्ग में आने वाले कब्जों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की तैयारी है।

यहीं से विवाद की शुरुआत हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले 15 फीट चौड़ी सड़क का प्रस्ताव था, जिसके आधार पर उन्होंने अपने मकान बनाए। अब अचानक 30 से 40 फीट चौड़ी सड़क की मार्किंग कर दी गई है, जिससे उनके पक्के मकान प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों ने वर्षों की मेहनत से घर बनाए हैं, जो अब टूटने की कगार पर हैं।
स्थानीय निवासी दीपक मिश्रा ने बताया कि इस निर्णय से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित होंगे। कई घरों में शादी जैसे कार्यक्रम तय हैं, ऐसे में लोगों के सामने अचानक बेघर होने की स्थिति बन रही है। वहीं विधि शर्मा ने कहा कि यदि पहले से ही अधिक चौड़ी सड़क की योजना होती तो लोग उसी अनुसार निर्माण करते, लेकिन बिना पूर्व सूचना के इस तरह बदलाव करना अन्यायपूर्ण है।

फिलहाल प्रशासन अतिक्रमण हटाने की तैयारी में है, जबकि प्रभावित लोग पुराने प्रस्ताव के अनुसार ही निर्माण कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।


