बिजली कंपनी के अभियंताओं का प्रदर्शन 21 को, 70 फीसदी पदोन्नति कोटा बहाल करने की मांग

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पदोन्नति अभियंता संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीकांत बड़गैया ने कहा है कि अभियंताओं की लंबित मांगों पर अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। मांगों के निराकरण के लिए संघ 21 अगस्त को डंगनिया मुख्यालय के मुख्य द्वार के सामने शाम 5 बजे गेट मीटिंग कर प्रदर्शन करेगा। संघ ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है।

श्रीकांत बड़गैया ने बताया कि संघ की प्रमुख मांग कनिष्ठ अभियंता से सहायक अभियंता पद पर विभागीय पदोन्नति का कोटा 70 प्रतिशत से घटाकर 40 प्रतिशत किए जाने को लेकर है। संघ ने इसे अभियंताओं के हितों पर कुठाराघात बताते हुए पूर्व निर्धारित 70 प्रतिशत विभागीय पदोन्नति कोटा तत्काल बहाल करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि अभियंताओं की मांगों को लेकर संघ लगातार प्रबंधन के संपर्क में रहा है। 2 सितंबर 2025 की गेट मीटिंग के अलावा 3 अक्टूबर, 14 नवंबर और 17 नवंबर 2025 तथा 18 जून और 10 अगस्त 2026 को प्रबंधन को पत्र सौंपे गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे अभियंताओं में असंतोष बढ़ रहा है।

पदोन्नति के अवसर सीमित होने से नाराजगी
संघ का कहना है कि बिजली कंपनी के सुचारू संचालन में अभियंताओं और तकनीकी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मैदानी स्तर पर कर्मचारियों की कमी के बावजूद अभियंताओं से अतिरिक्त जिम्मेदारियां ली जा रही हैं, जबकि पदोन्नति के अवसर सीमित किए जा रहे हैं। संघ के अनुसार मौजूदा व्यवस्था जारी रही तो कई कनिष्ठ अभियंता पूरे सेवाकाल में इसी पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त हो सकते हैं।

संघ के प्रांतीय महासचिव इंजी. दीपक कुमार निकुंज ने कहा कि अभियंताओं को उनके उचित पदोन्नति अवसर, अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। मांगों पर ठोस पहल नहीं होने पर संघ लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से 21 अगस्त की गेट मीटिंग में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

Link : https://shricgnewscreator.com/power-company-engineers-to-stage-protest-on-the-21st-demand-restoration-of-70-promotion-quota/

Share This Article