समोसा ट्रे से उठाया, कुत्ते को सुंघाया… और मच गया हंगामा

Editor
By Editor 1 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर के सुंदर नगर इलाके में एक नाश्ता सेंटर पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब कुत्ते को समोसा सुंघाने को लेकर विवाद हो गया। मामूली बात ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 270 का है।

नाश्ता सेंटर संचालक के अनुसार, आरोपी युवक अक्षय झा अपने पालतू कुत्ते के साथ नाश्ता सेंटर पहुंचा था। उसने समोसे की ट्रे से एक समोसा उठाकर कुत्ते को सुंघाया और बाद में वही समोसा वापस ट्रे में रख दिया। संचालक ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।

वहीं दूसरी ओर अक्षय झा की बहन ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि अक्षय ने कुत्ते को नाश्ता दिया था, लेकिन कुत्ते के नहीं खाने पर समोसा वापस रखने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान नाश्ता सेंटर में मौजूद लोगों ने उसके भाई के साथ मारपीट की।
डीडी नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article