भिलाई। फोरलेन पर पदुमनगर के ठीक सामने स्थित कट को बंद किए जाने का विरोध हो गया है। शुक्रवार को पार्षद मनीष वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि पदुम नगर कॉलोनी से अधिकांश लोग रोड क्रॉस कर प्रतिदिन दुर्ग या रायपुर की ओर आवागमन करते है जिसमें स्कूल के बच्चे, बुजुर्ग, महिला एवं सामान्य सभी जनता का आना जाना रहता है। पेट्रोल पंप एवं डी मार्ट के साथ स्टेट बैंक नजदीक होने से इसी क्रॉसिंग का ज्यादा उपयोग होता है।

यदि इसे बंद किया गया तो निश्चित रूप से सभी जनता को प्रतिदिन परेशानी होगी, आज तक इस क्रॉसिंग पर किसी भी तरह से कोई अनहोनी घटना नहीं हुई है। शासन प्रशासन का काम है जनता को सुविधा देना न की उन्हें परेशान करना । इस कट को बंद न किया जाए।
इस दौरान दुलारी वर्मा पूर्व राजप्रधान एवं प्रदेश सचिव, सरिता सिंह, नम्रता देवांगन, राजेंद्र साहू, गोपाल राव, निलेश यादव, प्रशांत अकांत एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


