रायपुर, राजधानी रायपुर स्थित एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) रायपुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है। अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने से एक मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो रक्त संबंधी बीमारी के इलाज के लिए भर्ती था।
बताया जा रहा है कि मृतक का इलाज अस्पताल के बी ब्लॉक के बी4 वार्ड में चल रहा था। घटना उस समय हुई जब वह संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरे माले से नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला है या फिर किसी अन्य कारण से मरीज गिरा।
परिजनों और अन्य लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा के समुचित इंतजाम नहीं हैं। मरीजों से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद कई बार मरीजों के कीमती सामान चोरी होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में तीसरी मंजिल से मरीज का गिर जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वार्ड में मौजूद स्टाफ व मरीजों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


