सिमगा के पास खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, तीन की मौत, 10 से अधिक घायल

Editor
By Editor 2 Min Read

अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस दरचुरा के पास हादसे का शिकार; गैस कटर से बस में फंसे घायलों को निकाला गया

सिमगा, 26 अक्टूबर, बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम दरचुरा के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5.30 बजे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। दुर्घटना के समय बस में कुल 22 यात्री सवार थे।

खड़े ट्रक से टकराई बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर दरचुरा गांव के पास एक ट्रक खराब हो गया था। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रक के पास स्टॉपर लगाए गए थे। इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही रॉयल कंपनी की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए।

वीडियो

गैस कटर से निकाले गए बस में फंसे यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। दुर्घटनाग्रस्त बस में कुछ यात्री बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद ली गई। बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल सिमगा पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।

हादसे के कारणों की जांच जारी

इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि की गई है, जबकि 10 से अधिक यात्रियों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों और मृतकों व घायलों की विस्तृत पहचान संबंधी जानकारी की प्रतीक्षा है।

Link : https://shricgnewscreator.com/passenger-bus-collides-with-a-stationary-truck-near-simga-three-dead-over-10-injured/

Share This Article