नेहरू नगर के पास पुलिस ने वाहन रोककर एक बैल को कराया सुरक्षित, चालक मौके से फरार; वाहन और बैल जब्त
भिलाई, सुपेला थाना पुलिस ने बैल के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन के परिचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नेहरू नगर भिलाई के पास एक महिंद्रा जीतो प्लस वाहन को रोककर जांच की तो उसमें लाल रंग का एक बैल लदा मिला। बैल का मुंह बंधा हुआ था। परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगने पर परिचालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को प्रिंस कसेर, निवासी रामनगर दुर्ग ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि परिचित अनिल कुमार दौलतानी से सूचना मिली थी कि महिंद्रा जीतो प्लस वाहन क्रमांक CG 06 GZ 4506 में चालक शरद यादव और परिचालक त्रिलोक पटेल एक लाल रंग के बैल को छावनी से सुपेला होते हुए नागपुर की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद प्रार्थी ने नेहरू नगर भिलाई के पास पहुंचकर वाहन को देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर वाहन की जांच की। वाहन में एक बैल लदा हुआ था और उसका मुंह बंधा हुआ पाया गया। पुलिस ने परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन परिचालक त्रिलोक पटेल दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।
पुलिस ने मौके से परिचालक त्रिलोक पटेल, 31 वर्ष, निवासी ग्राम घामनसरा, सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वाहन चालक शरद यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिंद्रा जीतो प्लस वाहन और बैल को जब्त कर लिया है।
पशु के चिकित्सकीय परीक्षण के लिए पशु चिकित्सक से संपर्क किया गया, लेकिन तत्काल चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण बैल को सुरक्षा की दृष्टि से श्री कृष्णा गौशाला, ग्राम मोहलई, जिला दुर्ग भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध क्रमांक 1406/2026 दर्ज कर धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम, 2004 तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, पीएसआई अजय साहू और आरक्षक योगेन्द्र बिलौने की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पशुओं के अवैध परिवहन, क्रूरता अथवा कानून का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने को दें।
Link : https://shricgnewscreator.com/ox-being-transported-to-nagpur-in-a-vehicle-attendant-arrested/













