भिलाई-3 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जनप्रतिनिधियों की एक दिवसीय स्वास्थ्य कार्यशाला

Editor
By Editor 3 Min Read

राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

भिलाई-3 के चरोदा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत निगम के पार्षदों व जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन, जनजागरूकता एवं हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर निर्मल कौसरे थे, जबकि अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू एवं दिलीप पटेल उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने जननी सुरक्षा योजना, जननी स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। बीईटीओ सैय्यद असलम ने राष्ट्रीय क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। आयुष चिकित्सक डॉ. अर्पिता शर्मा ने आयुष विंग की योजनाओं तथा योग चिकित्सक डॉ. आकांक्षा मिश्रा ने योग संबंधी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

एलएचवी आर. विश्वास ने सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान की विस्तृत जानकारी दी, वहीं राहुल यादव ने निक्षय मित्र योजना के बारे में बताया। मितानिन कार्यक्रम की जानकारी शकुन साहू ने दी तथा नारायण साहू ने कुष्ठ रोग जनजागरूकता अभियान पर प्रकाश डाला। सैय्यद असलम ने बताया कि कुष्ठ रोगियों की सर्जरी के लिए शासन द्वारा 5000 रुपए की सहायता, परिवहन व्यय एवं निशुल्क सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

मुख्य अतिथि महापौर निर्मल कौसरे ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की समुचित जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग की सराहनीय पहल बताया, जो विशेष रूप से स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में सहायक होगी।

अध्यक्षता कर रहे नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा ने कार्यशाला को जनप्रतिनिधियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है तथा इस प्रकार की कार्यशालाएं जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

वीडियो

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद फिरोज फारूखी, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर, एमआईसी सदस्य तृप्ति आशीष वर्मा, पार्षद डे साहब वर्मा, पार्षद प्रेमलता चंद्राकर, ठामेश्वरी साहू, तुषांत वर्मा, संजय यादव, तुलसी धुव्र, कुसुमलता चंद्राकर, आर विश्वास, निवेश प्रधान, देवेंद्र राजपूत, मनीष स्वर्णकार, विशाल यादव, चम्पाकली सोनी, देवीला चंद्राकर, विधाया कहरे, वर्षा वर्मा, नारायण साहू, यशवंत साहू, प्रभात, रेखराम , हिमांशु, के वेंकट राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article