भिलाई। फोरलेन पर रायपुर–दुर्ग लेन में शिवाजी नगर जोन कार्यालय के पास मंगलवार को दो ट्रकों की टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक ट्रक टैंकर था, जिसमें काला आयल भरा हुआ था। टक्कर के बाद टैंकर के पिछले हिस्से में क्षति होने से तेज धार में आयल सड़क पर फैलने लगा। जिससे मार्ग अत्यंत फिसलन भरा हो गया और वाहनों के अनियंत्रित होने की स्थिति बन गई।
घटना के बाद कई दोपहिया वाहन चालक फिसलने से बाल-बाल बचे, जबकि कुछ वाहन अचानक ब्रेक लगने से डगमगाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर को सड़क से हटाकर नाली के किनारे खड़ा कराया और सुरक्षा के मद्देनजर फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी।
आगजनी की आशंका को देखते हुए दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचीं और पूरी तरह स्टैंडबाय पर तैनात रहीं। अग्निशमन कर्मियों ने पानी के प्रेशर से सड़क पर फैले आयल को साफ किया, ताकि फिसलन कम हो सके और यातायात सुरक्षित रूप से बहाल किया जा सके।
फिलहाल रिसाव वाले क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की आग या अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए लंबा जाम भी लगा रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अमले की सतर्कता से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।


