भिलाई-3 पीएचसी में टीबी मरीजों को वितरित किए गए पोषण आहार किट

Editor
By Editor 2 Min Read

टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर पहल

भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में क्षय रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से टीबी मरीजों को पोषण आहार किट वितरित किए गए। यह कार्यक्रम मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल, बीईटीओ सैय्यद असलम, एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास तथा टीबीएचबी राहुल यादव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जैन समाज दुर्ग के समाजसेवी रमेश चंद्र जैन द्वारा उपलब्ध कराए गए 16 फूड बास्केट पोषण आहार किट उन टीबी मरीजों को वितरित किए गए, जो शासकीय अस्पताल भिलाई-3 से टीबी की दवा ले रहे हैं।

मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों, धूल-धक्कड़ वाले इलाकों और कल-कारखानों में काम करने वाले लोगों में टीबी होने की संभावना अधिक रहती है। खासकर ऐसे लोग जिनकी प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, वे इस बीमारी की चपेट में जल्दी आ सकते हैं।

जिला क्षय अधिकारी डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने अपने संदेश में कहा कि बीड़ी-सिगरेट पीने और शराब का सेवन करने वाले लोगों में फेफड़ों की टीबी होने का खतरा ज्यादा रहता है, इसलिए लोगों को इन आदतों से दूर रहना चाहिए।

टीबीएचबी राहुल यादव ने बताया कि पोषण आहार किट में सोयाबीन बड़ी, गुड़, चना, मूंग दाल, तेल सहित अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल है, जिससे मरीजों को बेहतर पोषण मिल सके।

बीईटीओ सैय्यद असलम ने जानकारी दी कि शासन की ओर से टीबी मरीजों के खाते में पोषण सहायता के रूप में 6000 रुपये भी प्रदान किए जाते हैं। साथ ही “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” अभियान के तहत निक्षय मित्र योजना के माध्यम से कोई भी व्यक्ति टीबी मरीजों को पोषण आहार किट उपलब्ध कराकर सहयोग कर सकता है।

कार्यक्रम में  आर. विश्वास,  हर्षा मानिकपुरी, आलिया खातून,  तृप्ति चंद्राकर, स्मिता बागड़े, नेतराम, साधना, मीरा साहू और चंपा कली सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article