नर्सेस निभाती हैं सही मायनों में महतारी का कर्त्तव्य: यादव

Editor
By Editor 4 Min Read

शासकीय नर्सिंग कॉलेज, दुर्ग के एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में दिन भर चला मंथन का दौर, सम्मानित किए गए मेधावी स्टूडेंट 

भिलाई, शासकीय नर्सिंग कॉलेज, दुर्ग (स्व. चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग) की ओर से एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस  (हाइब्रिड मोड) का आयोजन शनिवार को कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में किया गया। इस मौके पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव के साथ नर्सिंग व चिकित्सा के पेशे से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजन में नर्सिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर दिन भर अकादमिक प्रस्तुतिकरण और शोधपत्र वाचन का दौर चला। समापन में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने इस अवसर पर कहा कि नर्सिंग का पेशा समाज में सबसे सम्मानित कर्त्तव्य में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि जब हम छत्तीसगढ़ महतारी की परिकल्पना करते हैं तो नर्सिंग समुदाय का चेहरा हमारे सामने दिखता है क्योंकि नर्स का सेवाभाव पूरी मानवता की जीवनरक्षा करता है। मंत्री यादव ने इस दौरान शासकीय नर्सिंग कॉलेज से जुड़ी विभिन्न मांगों के संदर्भ में विभागीय मंत्री से चर्चा करने का आश्वासन दिया।
इसके पहले अतिथियों का स्वागत करते हुए  आयोजन की चेयरपर्सन और शासकीय नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रीमा राजेश ने कान्फ्रेंस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने 2014 से चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भवन में संचालित शासकीय नर्सिंग कॉलेज का अपना भवन व हॉस्टल नहीं होने से सामने आ रही व्यवहारिक कठिनाई की ओर भी अतिथियों का ध्यान आकृष्ट कराया। 

उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलसचिव डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा ने कहा कि आज इंटरनेट के दौर में हमारे सामने संसाधनों और माध्यमों की कमी नहीं है। बस जरूरत इस बात की है कि नर्सिंग समुदाय अपने आप को  समय के अनुरूप अपडेट रखें और अपने ज्ञान में निरंतर वृद्धि करते रहें। छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल, रायपुर की रजिस्ट्रार दुर्गावती कुंजाम ने नर्सिंग के पेशे आ रहे समयानुकूल बदलावों की चर्चा करते हुए कई उदाहरण दिए। उन्होंने नर्सिंग समुदाय से आह्वान किया कि वे दुनिया भर में इस क्षेत्र में हो रहे अनुसंधान पर भी नजर रखें और उसी के अनुरूप खुद को ढालें। शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय रायपुर की प्राचार्य शैलू साजी ने अपने उद्बोधन में उम्मीद जताई कि इस अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस से नर्सिंग समुदाय को बहुत कुछ सीखने मिलेगा। विशेष अतिथि दुर्ग नगर पालिका निगम के पार्षद जेम्स साजन जोसेफ ने कहा कि नर्सिंग का पेशा समाज में सबसे पवित्र दायित्वों में से एक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासकीय नर्सिंग कॉलेज दुर्ग से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंत्री गजेंद्र यादव की पहल से जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।

इस दौरान विभिन्न सत्रों में प्रमुख रूप से डॉ. नैन्सी फर्नांडीस परेरा एकेडमिक एडवाइजर, एसएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, वापी, पूर्व प्रिंसिपल, एलटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एसएनडीटी यूनिवर्सिटी, मुंबई,चेयरपर्सन डॉ. भावना चक्रवर्ती एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, दुर्ग, डॉ. विष्णु रंजीत और रंजुला यशोधरन, डॉ. जिबी जॉर्ज सीईओ आदेश्वर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस, जगदलपुर और डॉ. कल्पना भूषण जोशी एसोसिएट प्रोफेसर, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, दुर्ग ने मार्गदर्शन दिया। अतिथियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाली नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
आयोजन को सफल बनाने में शासकीय नर्सिंग कॉलेज दुर्ग के समस्त प्राध्यापकों व स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इनमें आयोजन सचिव सपना ठाकुर एसोसिएट प्रोफेसर, समन्वयक डॉ. वंदना चौहान, डॉ. ममता शशि साहू एसोसिएट प्रोफेसर और डॉ. कल्पना भूषण जोशी एसोसिएट प्रोफेसर व अन्य शामिल हैं।

Share This Article