अब आम नागरिक भी एक क्लिक में चोरी के वाहन की कर सकेंगे जांच

Editor
By Editor 3 Min Read

सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल का दुर्ग रेंज में शुभारंभ

भिलाई, अब दुर्ग पुलिस रेंज के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा व राजनांदगांव जिले के आम नागरिक भी अपने मोबाइल फोन से केवल एक क्लिक में किसी भी वाहन के चोरी या संदिग्ध होने की जांच कर सकेंगे। पुलिस और जनता की सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह सुविधा सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल के शुभारंभ के साथ शुरू की गई है।

भिलाई स्थित आईसीएआई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज राम गोपाल गर्ग ने सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि यह ऐप पहले केवल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध था, जिसके माध्यम से पेट्रोलिंग और नाकेबंदी के दौरान चोरी के वाहनों की त्वरित पहचान की जाती थी। अब इसकी सुविधा आम नागरिकों को भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सशक्त ऐप चोरी हुए वाहनों का एकीकृत डेटाबेस है, जिससे वाहन चोरी के मामलों में त्वरित सूचना और कार्रवाई संभव होगी। आम नागरिक संदिग्ध वाहन की जानकारी जांच कर तुरंत पुलिस को सूचित कर सकेंगे, जिससे चोरी के वाहनों की बरामदगी में तेजी आएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने कहा कि इस नवाचार से पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप और मजबूत होगी तथा आमजन की सहभागिता से वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बताया कि सशक्त ऐप के माध्यम से पिछले एक वर्ष में दुर्ग रेंज में 150 से अधिक चोरी के वाहनों की बरामदगी की जा चुकी है। अब पब्लिक मॉड्यूल के जुड़ने से दुर्ग रेंज के लगभग 40 लाख नागरिक भी इस अभियान का हिस्सा बन सकेंगे।

ऐसे करें ऐप का उपयोग
सशक्त ऐप को प्ले स्टोर से “सशक्त सीजी पुलिस” सर्च कर डाउनलोड किया जा सकता है। बेसिक जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन कर मुख्य पृष्ठ पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर चोरी या संदिग्ध वाहन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संदिग्ध स्थिति में नजदीकी थाने को सूचना दी जा सकती है।
कार्यक्रम में दुर्ग रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article