भिलाई। जयंती स्टेडियम मैदान में चल रहे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्री हनुमंत कथा आयोजन के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे नौ लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। कथा स्थल पर संभावित चोरी, पॉकेटमारी एवं चैन स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से तैनात पुलिस टीम द्वारा सतर्कता के साथ जांच की जा रही थी।
भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 25 दिसंबर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पंडाल के अंदर एवं आसपास घूम रहे संदिग्ध महिला-पुरुषों की चेकिंग की गई। जांच के दौरान पाया गया कि पकड़े गए नौ लोगों के पास न तो आयोजन का कोई पास था और न ही किसी प्रकार का पहचान पत्र अथवा आधार कार्ड मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर भिलाई नगर थाना को सौंप दिया।
पकड़े गए संदिग्धों में कमसा मारमुत्तु नायडू, काजल नायडू, पूजा रजनी नायडू एवं रोशनी रजनी नायडू निवासी नवापुर वाकीपाड़ा, जिला नंदुरबार (महाराष्ट्र), सुमन इकरन, अनीता जाटव एवं गौरी जाटव निवासी जिला भरतपुर (राजस्थान), तथा मोनी जाटव एवं गुड्डी जाटव निवासी हरिनगर, पलवल (हरियाणा) शामिल हैं।
पुलिस द्वारा सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।


