एस डी एम, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट; जांच में नहीं मिली किसी प्रकार की जनहानि या स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं
भिलाई, भिलाई-3 क्षेत्र के हथखोज स्थित टेथिस हाइड्रो कार्बन प्रायवेट लिमिटेड इंजीनियरिंग पार्क में गैस लीकेज की सूचना से मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर एसडीएम भिलाई-3 राजपूत, थाना प्रभारी भिलाई-3 अपने स्टाफ के साथ पहुंचे। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कठौतिया के नेतृत्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 की कॉम्बेट टीम भी मौके पर तैनात रही।

स्वास्थ्य टीम में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, बीईटीओ सैय्यद असलम, स्टाफ नर्स रोशन कुमार, 108 एम्बुलेंस के ईएमटी टेक्नीशियन संतोष कुमार तथा वार्ड बॉय हिमांशु सूर्यवंशी शामिल रहे।
टीम द्वारा पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर गैस लीकेज की स्थिति का आंकलन किया गया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि, सांस लेने में दिक्कत, बेहोशी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने नहीं आई।
प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर निगरानी जारी रखी जा रही है।


