कभी यह मत सोचिए कि आप पीछे रह गए हैं, यदि आप प्रयास करना नहीं छोड़ते, तो आप हमेशा पहले स्थान पर हो सकते हैं – पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

Editor
By Editor 3 Min Read

संयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़े युवा – राज्यपाल

राज्य की जरूरतों के अनुरूप अनुसंधानों पर ध्यान दें विश्वविद्यालय – मुख्यमंत्री

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री हुए शामिल

रायपुर । अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के छठवें दीक्षांत समारोह का आयोजन आज पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका ने की। अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे। समारोह में 64 शोधार्थियों को शोध उपाधि, 92 गोल्ड मेडल एवं 36,950 स्नातक और स्नातकोत्तर उपाधियाँ प्रदान की गईं।

मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और शिक्षा, आत्मविश्वास, संकल्प तथा राष्ट्र निर्माण के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि यह दिन हर विद्यार्थी के जीवन का ऐतिहासिक क्षण होता है। पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे विद्यार्थियों की मेहनत के साथ परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन भी निहित है।

उन्होंने कहा कि देशभर के विश्वविद्यालयों में बेटियाँ कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और इस विश्वविद्यालय में भी स्वर्ण पदक विजेताओं में बेटियों की संख्या उल्लेखनीय है। कोविंद ने कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है और युवा पीढ़ी इसका सशक्त भागीदार है।

कोविंद ने कहा—“कभी यह मत सोचिए कि आप पीछे रह गए हैं। यदि आप प्रयास करना नहीं छोड़ते, तो आप हमेशा पहले स्थान पर हो सकते हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, कौशल विकास, आत्म-प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और प्रभावी संचार कौशल पर ध्यान देने का आग्रह किया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि चुनौतियाँ जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि हर बार गिरकर भी उठने का साहस रखा जाए। उन्होंने अनुशासन को सफलता की नींव बताया और युवाओं को उद्देश्यपूर्ण, सकारात्मक एवं सार्थक जीवन जीने की प्रेरणा दी। राज्यपाल ने मानसिक स्वास्थ्य, योग, ध्यान और नियमित शारीरिक गतिविधि पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समारोह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों और संघर्षों का उत्सव है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप किए जा रहे बहुविषयक और कौशल आधारित सुधारों की प्रशंसा की।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने भी इस अवसर पर संबोधन दिया। अतिथियों ने विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका कन्हार का विमोचन किया। स्वागत भाषण कुलपति आचार्य अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी ने दिया।

समारोह में विधायकगण, जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर, विश्वविद्यालय के फेकल्टी सदस्य, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Share This Article