70.460 ग्राम हेरोइन, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और कार सहित 39.95 लाख की सामग्री जब्त
भिलाई, दुर्ग पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खुर्सीपार में हेरोइन (चिट्टा) बेचने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में अब तक 11 वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन सहित कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन क्रमांक 03, जीरो स्ट्रीट स्थित जसबीर कौर के मकान में हेरोइन की बिक्री की जा रही है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा था। तलाशी में 70.460 ग्राम हेरोइन, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए गए थे।
विवेचना के दौरान आरोपियों के बयान और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारियां कीं। इसी क्रम में 24 नवंबर को रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से नकदी, दो मोबाइल, हुंडई आई-20 कार और अन्य सामग्री जब्त की गई।
अब तक की कार्रवाई में 19 सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण व बर्तन, 10 मोबाइल फोन, नकदी और एक कार सहित कुल 39.95 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवंट सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों और संगति पर नजर रखने तथा नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस या डायल 112 पर देने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/network-selling-chitta-synthetic-drug-busted-13-accused-arrested/








