वरिष्ठ नागरिक महासंघ का साहित्यिक आयोजन, नई पुस्तक ने बटोरी सराहना
भिलाई। भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ द्वारा सियान सदन, वैशाली नगर, भिलाई में एक गरिमामय साहित्यिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय ज्ञान परंपरा पर बुजुर्गों संग संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें साहित्य, संस्कृति एवं जीवन मूल्यों पर सार्थक विमर्श हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. गोविंद पाल (हिंदी, छत्तीसगढ़ी एवं बांग्ला के प्रसिद्ध साहित्यकार) रहे। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा की वर्तमान समाज में उपयोगिता और उसकी वैचारिक गहराई पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लेखिका नेहा वार्ष्णेय की पुस्तक का विमोचन रहा, जिसे वरिष्ठ साहित्यकारों एवं अतिथियों द्वारा विधिवत रूप से संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने नेहा वार्ष्णेय की लेखनी की सराहना करते हुए कहा कि उनका साहित्य समाज, संवेदना और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा हुआ है। वरिष्ठ साहित्यकारों ने उनकी रचनाओं को समकालीन जीवन की जटिलताओं को सरल, संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने वाला बताया तथा उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में साहित्य प्रेमी, जागरूक पाठक एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की अध्यक्षता धनश्याम कुमार देवांगन ने की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।


