म्युल अकाउंट गैंग का पर्दाफाश, दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता

Editor
By Editor 3 Min Read

मुख्य आरोपी दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार, 78 एटीएम/क्रेडिट कार्ड सहित भारी सामग्री जब्त

दुर्ग, सायबर अपराध और म्युल अकाउंट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने म्युल अकाउंट सप्लाई करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 78 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक और 16 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को थाना पद्मनाभपुर में एक मोबाइल दुकानदार द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी ने बताया कि उसकी दुकान में अमित मिश्रा नामक युवक मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था, जिसके माध्यम से उसकी पहचान बोरसी दुर्ग निवासी लोकेश जाधव उर्फ लक्की से हुई। कुछ समय पहले लोकेश ने अपने भाई के बाहर से पैसे आने की बात कहकर बैंक खाता न होने का बहाना बनाते हुए 20 हजार रुपये का लालच देकर प्रार्थी से बैंक खाता उपलब्ध कराने को कहा।

प्रलोभन में आकर प्रार्थी ने अपना एक्सिस बैंक महाराजा चौक ब्रांच और आईडीबीआई बैंक कुम्हारी ब्रांच का खाता आरोपी को सौंप दिया। बाद में जब आईडीबीआई बैंक का खाता फ्रीज हो गया, तब प्रार्थी को संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पद्मनाभपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी लोकेश जाधव बस के जरिए कल्याण (महाराष्ट्र) भागने की फिराक में है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी लोकेश के कब्जे से अन्य व्यक्तियों के 33 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, 9 पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अपने बड़े भाई टवन कुमार जाधव के साथ मिलकर म्युल अकाउंट सप्लाई करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने प्रगति मैदान बोरसी स्थित टवन जाधव के घर दबिश दी, जहाँ से 28 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 8 चेकबुक, 8 पासबुक और 4 सिम कार्ड जब्त किए गए।

आगे की पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड़ और अमित मिश्रा की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 566/25 धारा 317(4), 319(2), 61, 42(2), 42(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड का उपयोग न करने दें और लालच में आकर ऐसे अपराधों का हिस्सा न बनें।

Share This Article