विधायक रिकेश सेन का विशेष उपहार: ब्राइडल मेकअप और मेहंदी मात्र ₹1 में

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए एक अभूतपूर्व जन-कल्याणकारी योजना की घोषणा की है। 8 मार्च, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से शुरू होने वाली इस योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र की बेटियों के लिए शादी के समय ब्राइडल मेकअप और मेहंदी केवल 1-1 रुपये में उपलब्ध होंगे।

विधायक रिकेश सेन ने बताया कि सामान्यतः दुल्हन का मेकअप 20,000 से 25,000 रुपये और मेहंदी का खर्च 1,000 से 5,000 रुपये तक आता है। इस योजना से परिवारों को भारी खर्च से राहत मिलेगी और किसी भी बेटी का श्रृंगार अधूरा नहीं रहेगा। मेकअप और मेहंदी की सेवाएं भिलाई के प्रतिष्ठित और अनुभवी आर्टिस्ट्स द्वारा प्रदान की जाएंगी। लाभ लेने के लिए परिवारों को विवाह तिथि से कम से कम 15 दिन पहले जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में सूचना देकर टोकन प्राप्त करना होगा।

विधायक कार्यालय पहले से ही अनेक जनहितैषी योजनाओं का केंद्र बन चुका है, जिनमें ‘शक्ति योजना’, फ्री ब्लड टेस्ट, कंबल बैंक, 1 रुपये में एक्स-रे और हेलमेट बैंक जैसी सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा 2 अप्रैल से विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए पावर वाला चश्मा मात्र 1 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।

रिकेश सेन ने कहा कि यह पहल केवल योजना नहीं, बल्कि अपनी विधानसभा की बेटियों और बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह का प्रतीक है। इसका उद्देश्य परिवारों पर विवाह के खर्च का बोझ कम करना और खुशियों में सभी को सहभागी बनाना है।

Share This Article