दुर्ग, महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के तहत 9,556 श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 10 करोड़ 42 लाख रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कार्यक्रम के दौरान कई हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए। जिन योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की गई उनमें मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना शामिल हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सन्निर्माण कर्मकार मंडल का गठन कर श्रमिकों का पंजीयन और श्रम कार्ड जारी किए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने लगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में दिया जा रहा है। इससे पारदर्शिता के साथ श्रमिक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। मंत्री ने श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराकर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, भोजराम सिन्हा, तुलसी साहू, ललेश्वरी साहू, पार्षद मनीष कोठारी, गुलराम साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, जनपद पंचायत पाटन अध्यक्ष कीर्ति नायक, श्रम अधिकारी विकास सरोडे, श्रम निरीक्षक बसंत वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।


