भिलाई-चरोदा निगम में एमआईसी की बैठक, सभी 40 वार्डों में अवैध नल कनेक्शन काटने के निर्देश

Editor
By Editor 2 Min Read

महापौर निर्मल कोसरे की अध्यक्षता में हुई बैठक, मिलेट कैफे संचालन सहित विभिन्न विकास कार्यों पर हुई चर्चा

भिलाई, भिलाई-चरोदा नगर निगम कार्यालय में सोमवार महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर निर्मल कोसरे ने की। बैठक में निगम क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत निगम सचिव अश्विनी चंद्राकर द्वारा एजेंडा प्रस्तुत करते हुए की गई। सर्वप्रथम नगर निगम कार्यालय परिसर के समीप नव निर्मित मिलेट कैफे के संचालन से संबंधित विषय को परिषद के समक्ष रखा गया, जिस पर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। इसके पश्चात एजेंडे में शामिल अन्य बिंदुओं पर एक-एक कर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान महापौर निर्मल कोसरे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में अवैध नल कनेक्शनों को तत्काल प्रभाव से विच्छेद करने की कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने हेतु पाइपलाइन विभाग में आवश्यकतानुसार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

महापौर ने कहा कि अवैध कनेक्शनों के कारण निगम को राजस्व की हानि के साथ-साथ नियमित जलापूर्ति प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य मोहन साहू, मनोज डहरिया, एस. वेंकट रमना, ईश्वर साहू, एम. जॉनी, देवकुमारी भलावी, संतोषी निषाद एवं दिप्ती आशीष वर्मा उपस्थित रहे।

इसके अलावा निगम प्रशासन की ओर से निगम आयुक्त बी.एस. राजपूत, कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, सचिवालय लिपिक अंकित यदु तथा जनसंपर्क प्रभारी विकास चंद्र त्रिपाठी भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में लिए गए निर्णयों के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए महापौर ने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।

Share This Article