जामुल । डॉ. मनराखन लाल साहू शासकीय महाविद्यालय, जामुल की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय एड्स जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुरडुंग में संपन्न हुआ। अभियान का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमाशंकर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर रेड रिबन क्लब के अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मेश्राम एवं रासेयो की कार्यक्रम अधिकारी विनिता परगनिहा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों और युवाओं को एड्स जैसे गंभीर रोग के बारे में जागरूक करना और सुरक्षित जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी:
प्रिंस यादव (बीएससी तृतीय सेमेस्टर) ने “एड्स क्या है” और इसके प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी दी।
नीतू निषाद (बीकॉम तृतीय सेमेस्टर) ने एड्स के फैलाव के कारणों पर प्रकाश डाला और इससे जुड़ी भ्रांतियों तथा वास्तविकताओं को स्पष्ट किया।
ईशा साहू (बीएससी तृतीय सेमेस्टर) ने एड्स से बचाव के सरल व प्रभावी उपायों की जानकारी दी, जिससे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित जीवन जीने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम की सफलता में वरिष्ठ प्राध्यापक गजेंद्र कश्यप, पी. हेमा राव, तथा छात्र-छात्राओं रिया साहू, सानिया साहू, हिमांशु गायकवाड, टिकेश्वर राकेश निर्मलकर, जसमीत कौर कलसी, रूपेश कुमार आदि का सराहनीय योगदान रहा।
सुरडुंग विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल जानकारी मिली, बल्कि वे स्वयं भी समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित हुए।


