यूनियन महासचिव पीतांबर लक्ष्मीनारायण द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी गई
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर एक अहम बदलाव करते हुए बी.डी. प्रसाद को रायपुर रेल मंडल का नया मंडल संयोजक (डिविजनल कोऑर्डिनेटर ) नियुक्त किया है। यूनियन के महासचिव पीतांबर लक्ष्मीनारायण द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
बी.डी. प्रसाद वर्तमान में लोको पायलट, चरोदा के पद पर कार्यरत हैं और अब तक यूनियन में संयुक्त महामंत्री की भूमिका निभा रहे थे। यह नियुक्ति यूनियन के भीतर नई ऊर्जा और संगठनात्मक सक्रियता का संकेत मानी जा रही है।
रेलवे के कार्मिक विभाग ने भी यूनियन के पत्र के आधार पर सभी शाखाओं को बी.डी. प्रसाद को लेकर आदेश जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि चरोदा के डी. विजय ने लगभग एक दशक तक मंडल संयोजक का दायित्व संभाला था। उनके स्थान पर प्रसाद की नियुक्ति को रणनीतिक बदलाव माना जा रहा है।
वन मैन शो नहीं चलेगा- प्रसाद
जिम्मेदारी मिलते ही बी.डी. प्रसाद ने कहा, “अब वन मैन शो नहीं, बल्कि टीमवर्क की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। कर्मचारी हित सर्वोपरि रहेंगे। मेरी प्राथमिकता होगी कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, समस्याओं का समाधान और प्रशासन से सार्थक संवाद।”
उन्होंने यह भी कहा कि यूनियन को केवल नारों तक सीमित नहीं रहने देंगे, बल्कि हर कर्मचारी की प्रभावशाली आवाज बनकर उसके अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी।