उड़ती धूल और खराब सड़क से आवागमन हुआ मुश्किल, जल्द सुधार का दिया आश्वासन
सिंचाई नहर के किनारे 40 फीट चौड़ा रोड बनेगा
भिलाई। जीई रोड स्थित चरोदा बस स्टैंड से दादर जाने वाले मार्ग की हालत काफी समय से खराब बनी हुई है। सड़क जर्जर होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल के कारण लोगों का आना-जाना दुश्वार हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए आज नगर निगम भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे एवं रेलवे के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, धूल की समस्या और यातायात में हो रही दिक्कतों का जायजा लिया गया।
महापौर ने अधिकारियों को जल्द से जल्द आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा सर्वोपरि है और सड़क की मरम्मत तथा धूल नियंत्रण के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे। वहीं रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर समस्या के स्थायी समाधान पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर महापौर ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यह निर्णय हुआ
इस संबंध में महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि वर्तमान में जो रोड है उसके संधारण के लिए रेलवे ने एनओसी देने में असमर्थता जाहिर कर दी है। विकल्प के रूप में सिंचाई नहर के किनारे 40 फीट रोड निर्माण के लिए रेलवे ने सहमति दी है इस पर निगम प्रशासन में स्पष्ट किया कि रेलवे अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाकर दे। जिससे रोड का निर्माण अति शीघ्र शुरू किया जा सके। रेलवे ने अपनी सहमति इस विषय पर दे दी है। महापौर ने बताया कि 15 वे वित्त आयोग की राशि से इस रोड का निर्माण किया जाएगा जिससे लोगों की समस्या दूर हो जाएगी। वर्तमान में जो रोड है वह रेलवे की क्षेत्र में है।


