वर्षा और उसके पति के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था
रायपुर। रायपुर में बुधवार को महिला थाना के सामने एक महिला द्वारा आत्मदाह की कोशिश से सनसनी फैल गई। घटना दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच की है। महिला की पहचान वर्षा गोस्वामी के रूप में हुई है, जो पति से चल रहे विवाद के समाधान हेतु काउंसलिंग के लिए थाने पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वर्षा गोस्वामी ने थाना परिसर के बाहर अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली और जलती हुई अवस्था में थाने की ओर दौड़ पड़ी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे तुरंत डीकेएस अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर है और उसका इलाज जारी है।
वर्षा और उसके पति के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके निवारण के लिए वह महिला थाना पहुंची थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मौके की जांच शुरू की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस मानसिक स्थिति में आकर महिला ने इतना कठोर कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।