पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ लाख रुपये से अधिक का गांजा जब्त

Editor
By Editor 4 Min Read

दो तस्कर गिरफ्तार, 3 किलो के करीब गांजा, नकदी बरामद; अटल आवास में तैयार करते थे बिक्री की पुड़िया

दुर्ग, पुलगांव थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग तीन किलोग्राम गांजा, बिक्री की नगदी सहित कुल 1.50 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि पोटिया रोड स्थित उटोपिया के सामने एक युवक ग्राहकों की तलाश में अवैध गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ओमकार यादव (21 वर्ष), निवासी कुन्दरापारा, पोटियाकला, दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान ओमकार यादव ने अपने साथी मोहन कुम्भार (24 वर्ष) के साथ मिलकर गांजा मंगाकर बेचने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि दोनों अटल आवास, बोरसी पानी टंकी के पास खड़ी एक खराब कार में गांजे की पुड़िया तैयार कर ग्राहकों को बेचते थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दूसरे आरोपी मोहन कुम्भार, निवासी टिटलागढ़ (ओडिशा), हाल मुकाम गैलेक्सी हाइट्स, बोरसी, दुर्ग को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भी गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2.992 किलोग्राम गांजा, बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नकद तथा अन्य सामग्री जब्त की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1 लाख 50 हजार 200 रुपये आंका गया है।

इस मामले में थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की तस्करी और बिक्री कर रहे थे। मामले में पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों को गांजा कहां से उपलब्ध कराया जा रहा था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना पुलगांव के सहायक उपनिरीक्षक सुभाष साहू, प्रधान आरक्षक सुनील सोनी, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, आरक्षक हेमेन्द्र कुर्रे, आरक्षक मनोज यादव तथा आरक्षक चालक हरीशचंद सिन्हा की सक्रिय एवं त्वरित भूमिका रही।

नशामुक्त समाज के लिए पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन अथवा अवैध बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article