भिलाई-चरौदा निगम की बड़ी कार्रवाई: ड्रीमसिटी में नाले किनारे बने अवैध निर्माण ढहाए

Editor
By Editor 2 Min Read

ड्रीमसिटी वार्ड 07 में अवैध निर्माणों पर निगम का प्रहार, नाले किनारे बने ढांचे तोड़े गए

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ड्रीमसिटी कॉलोनी में नाले के किनारे बनाए जा रहे एक अवैध स्ट्रक्चर को ध्वस्त कर दिया। निगम की टीम ने प्रशासकीय कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स नुमा ढांचे को बुलडोजर से गिरा दिया।

शिकायत के बाद निगम हरकत में आया

जानकारी के अनुसार ड्रीमसिटी कॉलोनी, उमदा भिलाई-03 निवासी अभिषेक मिश्रा ने प्लॉट नंबर-98 के सामने हो रहे अवैध निर्माण को लेकर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके प्लॉट के ठीक सामने सरकारी जमीन और नाले के पास कॉम्प्लेक्स जैसा निर्माण किया जा रहा है।

सरकारी भूमि पर खड़ा किया गया था ढांचा

निगम अमले ने मौके का मुआयना किया तो पाया कि सरकारी जमीन पर लगभग 15 फीट गहरा और करीब 50 फीट चौड़ा अवैध निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण नाले के किनारे होने के कारण भविष्य में जल निकासी व्यवस्था के लिए भी समस्या बन सकता था।

कमिश्नर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

निगम कमिश्नर डी.एस. राजपूत के निर्देश पर राजस्व अधिकारी अरुणिमा दुबे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध इमारत को जमींदोज कर दिया।

निगम की टीम रही मौजूद

कार्रवाई के दौरान उपअभियंता मुकेश रात्रे, सहायक राजस्व निरीक्षक सरोजनी यदु, दुष्यंत चतुर्वेदी सहित निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि या नालों के आसपास अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वीडियो
Share This Article