आईसीयू में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हाई लाइन एरिया में मेंटेनेंस के दौरान 30 फीट ऊंचाई से गिरा श्रमिक
भिलाई, सेल के भिलाई स्टील प्लांट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस-4 में कार्य के दौरान एक ठेका श्रमिक 30 फीट ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेका कंपनी बलदेव के अधीन कार्यरत 49 वर्षीय श्रमिक खोम लाल, ग्राम पहडोर निवासी, ब्लास्ट फर्नेस-4 के हाई लाइन एरिया में इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे लगभग 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद उन्हें मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-9 अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उपचार में जुटी रही। लेकिन शाम करीब 7 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खोम लाल अपने पीछे पत्नी (47 वर्ष) और दो बच्चों—एक बेटा और एक बेटी—को छोड़ गए हैं।
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जांच के आदेश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं श्रमिकों के बीच सुरक्षा उपायों को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।


