भिलाई। पावर क्रिकेट क्लब, बिजली नगर कॉलोनी ग्राउंड
भिलाई-3 द्वारा आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन महाकाल वॉरियर्स चरोदा की जीत के साथ हुआ।
फाइनल मुकाबले में 007 टीम भिलाई-3 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 94 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाकाल इलेवन चरोदा की शुरुआत खराब रही और महज 4 ओवर में 5 विकेट गिर गए। इसके बाद अक्षय विश्वकर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्कों की बारिश कर दी और टीम को 9 ओवर 3 गेंद में 98 रन तक पहुंचाकर शानदार जीत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विजेता टीम को 50 हजार रुपये नगद एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुरेश धीवर, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर, भाजपा भिलाई-3 मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, पार्षद तुलसी ध्रुव सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल साहू, पालेस्वर पटेल, पी. हरि नाथ, बी. श्रीनिवास, मनीष दास, लक्ष्मण राव, पुरुषोत्तम वर्मा, युवराज पटेल, लेखराज निषाद, निशांत सागर, कन्हैया सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर आयोजन समिति एवं पावर क्रिकेट क्लब के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर आयोजित किए जाने की शुभकामनाएं दीं।


