फ्रीहोल्ड मकान मालिकों का भू-राजस्व रिकॉर्ड अब तक दुरुस्त नहीं, लापरवाही पर गुस्से में लोग

Editor
By Editor 2 Min Read

मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँची शिकायत, समाधान अब भी दूर

प्रशासनिक लापरवाही से नाराज़ नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन

भिलाई। भिलाई-3 के वार्ड 18, उत्तर वसुंधरा नगर के फ्रीहोल्ड मकान मालिकों का भू-राजस्व रिकॉर्ड करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी दुरुस्त नहीं किया गया है। प्रशासनिक उदासीनता से परेशान क्षेत्रवासियों ने कई बार अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखा, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, फ्रीहोल्ड प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद राजस्व अभिलेखों में आवश्यक संशोधन न होने से उन्हें संपत्ति संबंधित कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रिकॉर्ड अपडेट न होने के कारण न तो वे अपने भू-अधिकारों का सही उपयोग कर पा रहे हैं और न ही दस्तावेज़ी प्रक्रियाएँ आगे बढ़ पा रही हैं।

रहवासियों ने पहले एसडीएम महेश राजपूत और आयुक्त महोदय डी एस राजपूत से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने दो बार कलेक्टर महोदय से भी मिलकर विस्तृत जानकारी दी। इतना सब करने के बावजूद राजस्व रिकॉर्ड में सुधार की प्रक्रिया लंबित है, जिससे लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।

नागरिकों ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय को भी इस संबंध में पत्र भेजा गया था, किंतु वहाँ से भी कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई। सकारात्मक पहल के अभाव में क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञापन सौंपने एसडीएम कार्यालय पहुंचे जिन प्रमुख नागरिकों में शामिल थे—
चंद्रिका यादव, लेखराम साहू, महेश शंकर सिंह, अर्जुन प्रसाद शर्मा, जीतराम मौर्य, गुलेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह, केशव प्रसाद वर्मा, नीलकंठ चंद्राकर, मनहरण जंघेल, सी एम सिंह, बीएन सिंह, मनोहर दास वैष्णव, राजेंद्र कुमार तिवारी, नरोत्तम  साहू, अशोक कपूर, के.के. पाठक आदि।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया है कि भू-राजस्व रिकॉर्ड को शीघ्र अपडेट कर आवश्यक कार्रवाई तेजी से सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें मूलभूत संपत्ति अधिकारों के उपयोग में और देरी न झेलनी पड़े।

Share This Article