खिलेश्वरी साहू बनीं ओबीसी महासभा महिला मोर्चा की छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष

Editor
By Editor 2 Min Read

दिल्ली में राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान संगठन विस्तार और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर लिया गया निर्णय

भिलाई, छत्तीसगढ़, ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भागीदारी और संगठन में महिलाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अधिवेशन में संगठन के विस्तार तथा महिला भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खिलेश्वरी साहू को ओबीसी महासभा के महिला मोर्चा का छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

खिलेश्वरी साहू लंबे समय से ओबीसी समाज के हक-अधिकार, महिला शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। संगठन ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में महिला मोर्चा को नई मजबूती मिलेगी और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष खिलेश्वरी साहू ने कहा कि ओबीसी महासभा ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनका प्रयास रहेगा कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर महिला मोर्चा का गठन कर अधिक से अधिक बहनों को संगठन से जोड़ा जाए।

पदाधिकारियों ने दी बधाई

नियुक्ति के बाद ओबीसी महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम, प्रदेश महासचिव युगल किशोर एवं जनक राम साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा भगवती सोनकर सहित बस्तर जिलाध्यक्ष रघुवंश यादव, बालोद जिलाध्यक्ष यज्ञदेव पटेल, दुर्ग जिलाध्यक्ष भानुप्रताप यादव एवं अन्य पदाधिकारियों ने खिलेश्वरी साहू को बधाई दी। पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

खिलेश्वरी साहू की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ के ओबीसी समाज की महिलाओं में उत्साह का माहौल है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और महिला सदस्यों ने इसे महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Link : https://shricgnewscreator.com/khileshwari-sahu-appointed-chhattisgarh-state-president-of-the-obc-mahasabha-womens-wing/

Share This Article