वक्ता मंच की पहल केक, फल व भोजन के साथ बुजुर्गों के बीच बिताए खुशी के पल, बढ़ रही सामाजिक भागीदारी
रायपुर, 22 अप्रैल 2026, राजधानी रायपुर के सुंदर नगर स्थित प्रशामक देखरेख गृह (वृद्धाश्रम) में काजल भगत का जन्मदिन सेवा, संवेदना और अपनत्व के माहौल में मनाया गया। प्रदेश की सामाजिक व साहित्यिक संस्था ‘वक्ता मंच’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
वक्ता मंच द्वारा संचालित समाजोपयोगी गतिविधियों के क्रम में आयोजित इस आयोजन में काजल भगत अपने परिजनों और संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ वृद्धाश्रम पहुंचीं। यहां केक काटकर जन्मदिन मनाया गया तथा उपस्थित बुजुर्गों को फल व मिठाइयां वितरित की गईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान हंसी-खुशी और आत्मीयता का माहौल बना रहा, जिससे वृद्धाश्रम का वातावरण पारिवारिक हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान भगत परिवार द्वारा वृद्धाश्रम के सभी रहवासियों के लिए रात्रि भोज की भी व्यवस्था की गई। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा और सहानुभूति की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर जयशंकर भगत (वरिष्ठ अधीक्षक, जीएसटी), कला भगत (उप निदेशक, स्कूली शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन), डॉ. रूपेंद्र कवि (उप सचिव, लोक भवन), एम. राजीव (संस्थापक, युवा संस्था), सोनिका कवि, विशाल मिश्रा, ज्योति शुक्ला, खेमेश्वर पुरी गोस्वामी, रुनाली चक्रवर्ती, दुष्यंत साहू, डॉ. उदयभान सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रेरित होकर अब बड़ी संख्या में लोग अपने त्यौहारों और विशेष अवसरों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने के लिए आगे आ रहे हैं, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।


