घर की आलमारी से लाखों के गहने चोरी: मेड और उसका पति गिरफ्तार, आठ लाख का माल बरामद

Editor
By Editor 2 Min Read

सेक्टर-2 के घर में बड़ी चोरी का खुलासा

भिलाई। सेक्टर-2 स्थित एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगद रकम चोरी करने वाले आरोपितों को भिलाई भट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में कैंप-1 छावनी निवासी सरस्वती साहू (31) और उसका पति सेवक राम साहू (32) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों से सोने-चांदी के जेवर और नगद मिलाकर कुल आठ लाख रुपये का माल बरामद किया है।

प्रार्थी राकेश चौधरी ने 16 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अक्टूबर को उन्होंने आलमारी में गहने और नगद रखा था, लेकिन 15 नवंबर को शादी में जाने की तैयारी के दौरान देखा कि आलमारी से सामान गायब है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तफ्तीश में पता चला कि घर के सदस्य कहीं बाहर नहीं गए थे, इसलिए पुलिस ने घर में आने-जाने वालों पर निगरानी रखी। इसी दौरान घर में काम करने वाली नौकरानी सरस्वती साहू की गतिविधियाँ संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 29 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच बिना लॉक की आलमारी से उसने दो-तीन बार में गहने चोरी किए और उन्हें अपने पति को छिपाने के लिए दे दिया।

पुलिस ने आरोपितों से दो सोने की चेन, चार झुमके, कान की बाली-टॉप्स, एक लटकन, एक मंगलसूत्र, अन्य जेवरात और 51,600 रुपये नकद बरामद किए। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Share This Article