नकली सोने की पत्तियां देकर ज्वेलर्स से 19.32 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार

Editor
By Editor 7 Min Read

पहले असली सोना गिरवी रखकर जीता व्यापारी का भरोसा, फिर नकली पत्तियां देकर ले गए 19.32 लाख रुपये — राजस्थान के अलवर से जुड़े गिरोह के सदस्य पाटन, अर्जुन्दा और आसपास के क्षेत्रों में कर रहे थे ठगी की कोशिश

दुर्ग, पाटन, ज्वेलर्स व्यापारी का विश्वास जीतने के बाद नकली सोने की पत्तियां असली बताकर 19 लाख 32 हजार रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित राजस्थान के अलवर क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरोह के सदस्य पहले असली सोना गिरवी रखकर समय पर लेन-देन करते थे और व्यापारी का भरोसा हासिल करने के बाद बड़ी मात्रा में नकली सोने की पत्तियां देकर रकम ऐंठते थे।

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को पाटन के पुराना बाजार स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ओमी सिंह और लाखन सिंह नाम के दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और 18 सोने की पत्तियां, जिनका कुल वजन करीब 180 ग्राम था, असली सोना बताकर गिरवी रखीं। इसके एवज में उन्होंने 15 लाख 93 हजार रुपये प्राप्त किए।

इसी दौरान आरोपितों ने दुकान से तीन सोने की अंगूठियां, जिनका वजन 18.910 ग्राम था, तथा चांदी की एक जोड़ी पायल, जिसका वजन 176.590 ग्राम था, भी उधारी में ले ली। इन आभूषणों की कीमत करीब तीन लाख 39 हजार रुपये बताई गई। आरोपितों ने एक सप्ताह के भीतर ब्याज सहित रकम लौटाने का भरोसा दिलाया था।

समय पर रकम वापस नहीं करने पर व्यापारी को संदेह हुआ। गिरवी रखी गई सोने की पत्तियों की जांच कराई गई तो उनमें करीब 10 प्रतिशत ही सोना और 90 प्रतिशत अन्य धातु होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद थाना पाटन में अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले असली सोना देकर बनाते थे भरोसा

जांच में गिरोह के ठगी करने का तरीका सामने आया। पुलिस के मुताबिक आरोपित राजस्थान के अलवर क्षेत्र से जुड़े हैं और अलग-अलग कस्बों तथा ग्रामीण इलाकों में घूमकर ज्वेलर्स को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य चटाई बेचने के बहाने क्षेत्र में घूमते और इसी दौरान स्थानीय ज्वेलर्स से संपर्क करते थे।

व्यापारी का विश्वास हासिल करने के लिए शुरुआत में असली सोने की अंगूठी अथवा अन्य आभूषण गिरवी रखते और समय पर रकम लौटाकर लेन-देन पूरा करते थे। इससे ज्वेलर्स को उन पर भरोसा हो जाता था। इसके बाद दोबारा दुकान पहुंचकर असली सोने के साथ नकली सोने की पत्तियां मिलाकर बड़ी रकम प्राप्त करते थे। नकली पत्तियों पर सोने की पॉलिश होने के कारण प्रारंभिक जांच में उनका असली या नकली होना आसानी से पता नहीं चलता था।

वीडियो

कमर में बांधने वाली गुप्त थैली में छिपाते थे रकम

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य ठगी की रकम और अन्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए कमर में बांधने वाली विशेष कपड़े की गुप्त थैलियों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने ऐसी छह थैलियां भी बरामद की हैं।

अर्जुन्दा में दूसरी ठगी की कोशिश, पुलिस ने दबोचा

पाटन की घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने आसपास के जिलों के ज्वेलर्स और ज्वेलर्स एसोसिएशन से संपर्क कर गिरोह के ठगी करने के तरीके की जानकारी साझा की। इसी दौरान बालोद जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक अन्य ज्वेलर्स के यहां इसी तरीके से नकली सोना गिरवी रखकर करीब 25 लाख रुपये प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई कर संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर राजनांदगांव शहर में किराये के मकान में गिरोह के अन्य सदस्यों के ठहरने की जानकारी मिली। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले कुछ आरोपित ट्रेन से फरार हो गए थे।

सीसीटीवी और तकनीकी सुराग से ट्रेन में पकड़े गए आरोपित

फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों का सहारा लिया। उनकी लोकेशन और पहचान मिलने के बाद आरपीएफ नागपुर से समन्वय किया गया। आरपीएफ के सहयोग से ट्रेन से फरार हो रहे दो महिला और दो पुरुष आरोपितों को पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई के बाद गिरोह के कुल छह सदस्यों की गिरफ्तारी हुई।

पुलिस अब आरोपितों की दुर्ग, पाटन, राजनांदगांव, अर्जुन्दा और गुंडरदेही सहित आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही तथा इसी तरीके से की गई अन्य ठगी या ठगी के प्रयासों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

ये छह आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने श्याम सिंह उर्फ लाखन नायक (31), गोविन्द नायक उर्फ गिरीराज (39), प्रहलाद नायक (65), अर्जुन नायक (28), राजबती नायक (61) और मंजू नायक (35), सभी निवासी अलवर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने यह सामग्री की बरामद

आरोपितों के कब्जे से 23 सोने की पॉलिश की हुई नकली सोने की पत्तियां और एक असली सोने की पत्ती बरामद की गई है। कुल 24 पत्तियों का वजन करीब 240 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-04-केवी-0246, 16 हजार 190 रुपये नकद, कमर में बांधने वाली छह गुप्त कपड़े की थैलियां, ज्वेलर्स दुकान का कोरा बिल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, हथौड़ी, पेचकस, स्क्रूड्राइवर और वाहन का बिक्री पत्र भी जब्त किया गया है।

ज्वेलर्स से पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने ज्वेलर्स व्यापारियों से अपील की है कि सोना अथवा अन्य कीमती धातु गिरवी रखते समय उसकी शुद्धता की वैज्ञानिक एवं प्रमाणित जांच जरूर कराएं। बड़ी रकम का लेन-देन पर्याप्त सत्यापन के बाद ही करें। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने या नकली सोने से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें।

Link : https://shricgnewscreator.com/jewelers-defrauded-of-%e2%82%b919-32-lakh-using-fake-gold-leaves-six-members-of-an-interstate-gang-arrested/

Share This Article