गणतंत्र दिवस को लेकर दुर्ग रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच अभियान

Editor
By Editor 2 Min Read

सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की गहन जांच की गई

दुर्ग। गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सहायक सुरक्षा आयुक्त-II, रायपुर के नेतृत्व में 23 जनवरी 2026 को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में पोस्ट प्रभारी दुर्ग, रेलवे सुरक्षा बल के सदस्य एवं डॉग स्क्वाड शामिल रहे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्टेशन परिसर के हर हिस्से में व्यापक जांच की गई।

अभियान के दौरान दुर्ग स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की गहन जांच की गई। स्टेशन पर तैनात मोर्चा की भी जांच की गई, जहां स्टाफ सतर्क एवं मुस्तैद पाया गया। मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे बैगेज स्कैनर से यात्रियों के सामानों की जांच की गई, वहीं वेटिंग हॉल में ठहरे यात्रियों के सामानों को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) एवं डॉग स्क्वाड की सहायता से चेक किया गया।

पार्सल कार्यालय में बुक किए जाने वाले एवं प्राप्त होने वाले पार्सलों की जांच पार्सल स्कैनर मशीन से की गई। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के सामानों की भी एचएचएमडी एवं स्वान दल की मदद से जांच की गई। इस दौरान ट्रेन संख्या 08186, 68718, 18201 एवं 15160 की भी सुरक्षा जांच कर उन्हें सुरक्षित रूप से रवाना किया गया।

स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की गई। साथ ही पी.ए. सिस्टम एवं लाउड हेलर के माध्यम से यात्रियों को सतर्क रहने एवं संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा कर्मियों को देने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान सुरक्षा की स्थिति पूरी तरह सामान्य रही तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अप्रिय वस्तु नहीं पाई गई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार के जांच अभियानों का उद्देश्य सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Share This Article