अभिव्यक्ति ऐप और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी, छात्राओं को सतर्क रहने का दिया संदेश

Editor
By Editor 2 Min Read

स्कूल व ट्यूशन आने-जाने के दौरान सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए, छात्राओं से समस्याओं और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की ली जानकारी

भिलाई, महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विशेष हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, विशेषकर छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराना था।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं महिला सुरक्षा टीम ने छात्राओं को बताया कि स्कूल, कोचिंग या ट्यूशन आने-जाने के दौरान यदि कोई व्यक्ति पीछा करता है, छेड़छाड़ करता है, अभद्र टिप्पणी करता है या किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस होती है, तो उसे नजरअंदाज न करें। ऐसी घटनाओं की तत्काल जानकारी अपने परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को दें तथा अभिव्यक्ति ऐप और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन का उपयोग करें।

वीडियो

कार्यक्रम में बच्चों से संवाद करते हुए उनके आसपास के वातावरण, स्कूल और ट्यूशन आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पूछा कि क्या रास्ते में आवारा तत्वों द्वारा छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है। बच्चों को भरोसा दिलाया गया कि किसी भी शिकायत पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी और शिकायतकर्ता की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

छात्र-छात्राओं को यह भी समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अनजान व्यक्ति की हरकत या असुरक्षित स्थिति को छिपाने के बजाय तुरंत साझा करें। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों से सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने, सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और अभिव्यक्ति ऐप का उपयोग करने की अपील की गई।

Link : https://shricgnewscreator.com/information-provided-about-the-abhivyakti-app-and-the-womens-safety-helpline-students-urged-to-remain-vigilant/

Share This Article