भिलाई, कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। इस अवधि में ब्रिज पर आवागमन नियंत्रित रहेगा और सुचारू ट्रैफिक संचालन के लिए डायवर्सन प्लान लागू किया गया है।
इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में बैठक आयोजित की गई, जो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रिचा मिश्रा, अपर कलेक्टर वीरेंद्र ठाकुर, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल हुए।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरे मार्ग का निरीक्षण कर विस्तृत आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

हल्के वाहनों के लिए डायवर्सन
दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को नेवई–उतई–सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं भिलाई, सुपेला, रिसाली और चरोदा क्षेत्र से जाने वाले वाहन उतई–सेलूद–ढौर–औरी–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग से होकर रायपुर पहुंच सकेंगे।
रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चालक चन्दनीडीह से पुराना रपटा पुल होते हुए कुम्हारी टोल तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा रायपुरा–महादेवघाट–अमलेश्वर–मोतीपुर मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।

भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
भारी और मध्यम वाहनों को कुम्हारी टोल के पास सिंगल लाइन से ब्रिज पार कराया जाएगा। राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक बाफना टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा।
भिलाई औद्योगिक क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहनों के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन मुरमुंदा–ओटेबंध–गुधेली–पठारीडीह होते हुए उरला (रिंग रोड-4) मार्ग से जाएंगे।
रायपुर से दुर्ग की ओर आने वाले भारी वाहनों के लिए भी सिंगल लाइन व्यवस्था लागू रहेगी। महासमुंद से आने वाले वाहनों को मंदिर हसौद के पास शाम 5 से रात 8 बजे तक रोका जाएगा, वहीं उरला-सिलतरा और बिलासपुर दिशा से आने वाले वाहनों को नंदन वन कटिंग (रिंग रोड-4) पर इसी समयावधि में रोका जाएगा।
निर्माण एजेंसी को निर्देश
प्रशासन ने निर्माण एजेंसी को मरम्मत कार्य के दौरान 24 घंटे वालंटियर तैनात रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्सन मार्गों का पालन करें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय का ध्यान रखें।


