छत्तीसगढ़ कैबिनेट के अहम फैसले: तेंदूपत्ता, लघु वनोपज, उद्योग, टैक्स छूट और पुलिस व्यवस्था पर बड़े निर्णय

Editor
By Editor 3 Min Read

रायपुर, राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण आर्थिक, औद्योगिक और प्रशासनिक निर्णय लिए गए। बैठक में वर्ष 2026 के लिए तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों से 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदी हेतु ऋण लेने पर राज्य शासन की गारंटी देने की अनुमति दी गई। इसके साथ ही कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी, प्रसंस्करण और बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ को कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

मंत्रिपरिषद ने अराष्ट्रीयकृत लघु वनोपज के क्रय, भंडारण, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन के लिए लघु वनोपज संघ को एकमुश्त 30 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण देने की स्वीकृति दी। वहीं, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम से जुड़े ऋणों के मामले में 55.69 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान कर पांच राष्ट्रीय निगमों से लिए गए ऋणों की पूर्ण अदायगी को मंजूरी दी गई। इससे प्रतिवर्ष लगभग 2.40 करोड़ रुपये के ब्याज व्यय से मुक्ति मिलेगी और 229.91 करोड़ रुपये की लंबित गारंटी देनदारी समाप्त होगी।

उसना मिलिंग पर प्रोत्साहन राशि को 20 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। साथ ही सभी मिलरों के लिए प्रोत्साहन राशि की पात्रता हेतु न्यूनतम मिलिंग अवधि 3 माह से घटाकर 2 माह कर दी गई है।

औद्योगिक विकास नीति 2024–30 में संशोधन का निर्णय लेते हुए प्रचार-प्रसार, विशेषज्ञों की नियुक्ति और सेवा गतिविधि प्रमाणपत्र जारी करने से जुड़ी विसंगतियां दूर करने का रास्ता साफ किया गया है। इससे निवेश की गुणवत्ता, स्थायी रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट ने रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में 20 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित 9वें ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है। यह छूट पंजीकरण के समय लागू होगी और पूरे प्रदेश के वाहन विक्रेताओं को इसका लाभ मिलेगा।

धान कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलर्स द्वारा दी जाने वाली बैंक गारंटी पर स्टाम्प शुल्क को 0.25 प्रतिशत से घटाकर 0.05 प्रतिशत करने का भी फैसला किया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर अटल नगर में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी का एक नया पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-14 में एक वर्ष के लिए स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा रायपुर महानगरीय पुलिस जिला में पुलिस आयुक्त प्रणाली को 23 जनवरी से लागू करने का निर्णय लिया गया है।

इन फैसलों को राज्य की अर्थव्यवस्था, उद्योग, कृषि-वन उत्पाद और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article